तिवारीपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को रोहिन नदी में डूबने से सर्वेश यादव (13) की मौत हो गई, जबकि बच्ची पीहू यादव (10) लापता है। घटना न्यू कॉलोनी माधोपुर की है, जहां दो बच्चे भैंस की पूंछ पकड़कर नदी में उतर गए और गहरे पानी में समा गए। शुरुआती सूचना में चार बच्चों के डूबने की बात सामने आने से हड़कंप मच गया। पुलिस जांच में दो बच्चे सुरक्षित घर पर मिले। लापता बच्ची की तलाश के लिए पुलिस, पीएसी की फ्लड टीम और एनडीआरएफ का देर शाम तक सर्च अभियान जारी रहा। एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि तिवारीपुर थाने को चार बच्चों के रोहिन नदी में डूबने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने गोताखोरों की मदद से तलाश कराई। करीब चार बजे एक बच्चे को नदी से निकालकर अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी मौत हो गई। एक बच्ची की तलाश जारी है, जबकि दो अन्य बच्चे अपने घरों पर सुरक्षित मिले हैं।