कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) द्वारा सोमवार को संसद कूच कि कोशिश की गई थी जिसकी झलक मंगलवार को भी दिखाई दी। जगह जगह कूड़े के ढेर दिखाई दिए जिनके कारण लोगों को बदबू का सामना करना पड़ा। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) द्वारा जंतर मंतर को साफ नहीं किया गया जिस कारण लोगों काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। ऐसे में कहीं लोगों की चप्पल पड़ी दिखी तो कहीं किसी के फटे कपड़े पड़े हुए दिखे। संसद चलो अभियान के बाद जब लोग प्रदर्शन स्थल वापिस लौटे तो अन्दर लोगों का बदबू के कारण दम घुटने लगा था, हर कोने में कचरे का ढेर लगा हुआ था। प्रदर्शनकारी गीतिका ने बताया यहां पर कोई सफाई का ध्यान नहीं रखा जा रहा है हम लोगों को मरने के लिए छोड़ दिया है, बदबू में लोगों का दम घुट रहा है। वहीं, एक प्रदर्शनकारी साहिल ने सरकार पर ताना कसते हुए कहा कि जिन लोगों से देश की गंदगी नहीं साफ की जा रही है वह भ्रष्टाचार फैलाने वाले लोगों को कैसे साफ करेंगे। लोगों का कहना था कि प्रदर्शन स्थल पर भीड़ और गर्मी के कारण खड़ा होना मुश्किल हो रहा था। इसके अलावा जगह जगह पड़े कूड़े की बदबू के कारण सांस लेने में भी मुश्किल हो रही है। कचरे की बदबू से तंग आकर कुछ छात्रों ने हाथ में हरी पॉलिथीन लेकर कचरा बीनना शुरू कर दिया। इनको देखकर कई अन्य छात्रों ने भी जंतर मंतर को साफ करने के लिए कचरा पन्नियों में इकट्ठा करना शुरू कर दिया। कचरा बीन रहे छात्र वैभव ने बताया कि वह एमबीए के छात्र हैं और वह जंतर मंतर को साफ करने के लिए कूड़ा बीन रहे हैं। उन्होंने, बताया कि पुलिसकर्मियों से छात्रों ने कूड़ा साफ करवाने की बात कही लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई जिसके बाद छात्रों ने खुद ही सफाई करना शुरू कर दिया।