दिल्ली में रातभर हुई तेज बारिश के बाद शहर के अलग-अलग इलाकों में कम से कम पांच पेड़ गिर गए। इन घटनाओं से कुछ जगहों पर यातायात प्रभावित हुआ और रंजीत नगर में एक खड़ी कार क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। दिल्ली फायर सर्विस (डीएफएस) के अनुसार, ईस्ट ऑफ कैलाश स्थित राजा धीर सिंह मार्ग पर दो पेड़ गिरे। इनमें एक इस्कॉन मंदिर के पास और दूसरा नेशनल हार्ट इंस्टीट्यूट के पास गिरा। पेड़ गिरने से कुछ समय के लिए ट्रैफिक प्रभावित रहा, लेकिन बाद में अधिकारियों ने उन्हें हटाकर रास्ता साफ करा दिया। इसी तरह कालकाजी-गोविंदपुरी क्षेत्र में गुरु रविदास मार्ग और ढिंगरा मार्ग पर भी दो पेड़ गिर गए। सूचना मिलने पर राहत दल मौके पर पहुंचा और सड़क से पेड़ हटाकर यातायात सामान्य कराया। वहीं, रंजीत नगर में एक बड़ा पेड़ खड़ी कार पर गिर गया, जिससे कार को नुकसान पहुंचा। राहत की बात यह रही कि घटना के समय कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ। स्थानीय निवासी जगपिंदर सिंह ने आरोप लगाया कि पेड़ की जर्जर हालत की जानकारी कई बार नगर निगम को दी गई थी, लेकिन समय पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। घटना के बाद पुलिस, दिल्ली फायर सर्विस और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की टीमों ने मौके पर पहुंचकर पेड़ हटाया और सड़क को फिर से चालू कराया।