अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) नई दिल्ली ने अपनी विकसित की गई आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित मैमोग्राफी इंटरप्रिटेशन तकनीक बीपीएल टेक्नोलॉजीज लिमिटेड को सौंप दी है। यह तकनीक स्तन कैंसर की जल्दी जांच में डॉक्टरों की मदद करेगा। मैमोग्राफी एक खास एक्स-रे जांच है, जिसका इस्तेमाल स्तन कैंसर के शुरुआती लक्षणों को पकड़ने के लिए होता है। इससे कैंसर की छोटी गांठ या बदलाव को उस समय भी देखा जा सकता है, जब अभी बाहर से कोई लक्षण नजर नहीं आते। जल्दी पता चलने पर इलाज ज्यादा प्रभावी होता है। एम्स की नई एआई तकनीक इसी मैमोग्राफी की रिपोर्ट को समझने में रेडियोलॉजिस्ट की सहायता करेगी। खासकर उन इलाकों में जहां स्तन जांच के विशेषज्ञ डॉक्टर कम हैं, वहां यह बहुत उपयोगी साबित हो सकती है। तकनीक को आगे विकसित करने, जांचने और अस्पतालों में इस्तेमाल की संभावनाएं तलाशने का रास्ता इससे खुलेगा।