दिल्ली में लगातार हो रही बारिश के कारण सड़कें फिसलन भरी हो गई हैं। इसका असर अब अस्पतालों में भी साफ दिखाई दे रहा है। बारिश के दौरान दोपहिया वाहन फिसलने और सड़क पर गिरने की घटनाएं बढ़ने से दिल्ली के अस्पतालों की ऑर्थोपेडिक (हड्डी रोग) ओपीडी में मरीजों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। वहीं, जनरल ओपीडी में भी वायरल बुखार, सर्दी-जुकाम, बुखार और अन्य मौसमी बीमारियों के मरीज बड़ी संख्या में इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। डॉक्टरों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों में सबसे अधिक मरीज सड़क दुर्घटनाओं में घायल होकर अस्पताल पहुंचे हैं। इनमें अधिकतर लोग बाइक या स्कूटर से फिसलकर गिरने के कारण हाथ, पैर और कंधे की चोट, फ्रैक्चर, मोच और सिर में चोट जैसी समस्याओं से पीड़ित हैं। कई मामलों में बारिश के दौरान ब्रेक लगाने पर वाहन के फिसल जाने या पानी से भरे गड्ढों में संतुलन बिगड़ने के कारण हादसे हुए। अस्पतालों के ऑर्थोपेडिक विभाग में रोजाना ऐसे मरीजों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में काफी बढ़ गई है। डॉक्टरों का कहना है कि समय पर इलाज मिलने से अधिकांश मरीजों की स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन गंभीर चोट लगने पर तुरंत अस्पताल पहुंचना जरूरी है। दूसरी ओर, मौसम में बदलाव के कारण जनरल मेडिसिन ओपीडी में भी मरीजों की संख्या बढ़ी है। यहां वायरल बुखार, सर्दी-जुकाम, गले में संक्रमण, खांसी, पेट संबंधी समस्याएं और त्वचा संक्रमण के मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि बारिश के मौसम में दूषित पानी और नमी के कारण संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है।