नगर निगम मानेसर की ओर से गढ़ी हरसरु गांव में जल्द ही बड़े विकास कार्य शुरू किए जाएंगे। गांव में सड़क, जल निकासी और पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए करीब 1.56 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। नगर निगम ने इसके लिए योजना तैयार कर टेंडर जारी कर दिया है और ठेकेदार को काम भी सौंप दिया गया है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किए जाएंगे। परियोजना के तहत पूरे मार्ग पर नई आरसीसी सड़क, बरसाती पानी की निकासी के लिए स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज लाइन और नई पेयजल पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इन कामों के पूरा होने के बाद गांव के लोगों को बेहतर सड़क और पानी की सुविधा मिलेगी। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के इस हिस्से में लंबे समय से सड़कें टूटी हुई हैं। बरसात के दिनों में सड़कों पर पानी भर जाता है, जिससे लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी होती है। कई बार जलभराव के कारण वाहन भी फंस जाते हैं और पैदल चलना मुश्किल हो जाता है। इसके अलावा पेयजल की व्यवस्था भी पूरी तरह ठीक नहीं है।