ग्रेटर नोएडा में बुधवार को वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप, लिवरपूल में पदक जीतकर देश का नाम रोशन करने वाली चार महिला बॉक्सर्स को पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने सम्मानित किया। जिसमें स्वर्ण पदक विजेता जैस्मिन, स्वर्ण पदक विजेता मीनाक्षी, रजत पदक विजेता नूपुर और कांस्य पदक विजेता पूजा रानी शामिल रहीं। निजी रिसॉर्ट में आयोजित कार्यक्रम में स्मृति ईरानी ने कहा कि महिला बॉक्सर्स ने कठिन परिश्रम और जज़्बे से देश का परचम बुलंद किया है। इन बेटियों ने साबित किया है कि अगर सपने देखने का हौसला हो और उन्हें पूरा करने का जज़्बा हो, तो दुनिया की कोई ताक़त आपको रोक नहीं सकती। स्मृति ईरानी ने इस अवसर पर युवाओं से भी आह्वान किया कि वे खेलों को जीवन का हिस्सा बनाएं और देश को आगे बढ़ाने में योगदान दें। इस सम्मान समारोह का आयोजन सीआरसी ग्रुप ने भारतीय बॉक्सिंग महासंघ के साथ मिलकर किया।