महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत शहर में महिला सुरक्षा को लेकर लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में स्वयं सिद्ध स्कीम के अंतर्गत महिला पुलिसकर्मियों को 100 पिंक स्कूटी उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे महिला पुलिस की कार्यक्षमता और शहर में उनकी त्वरित पहुंच में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। इन पिंक स्कूटी के माध्यम से महिला पुलिसकर्मी स्कूल, कॉलेज, बाजार, भीड़भाड़ वाले इलाके और संवेदनशील स्थानों पर नियमित गश्त कर रही हैं। इसका सीधा लाभ यह हुआ है कि महिलाओं की शिकायतों पर पहले से कहीं अधिक तेजी से कार्रवाई हो पा रही है। जरूरत पड़ने पर महिला पुलिसकर्मी मौके पर तुरंत पहुंचकर सहायता प्रदान कर रही हैं, जिससे महिलाओं में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है। डीसीपी महिला सुरक्षा मनीषा सिंह ने बताया कि मिशन शक्ति के तहत महिला सुरक्षा को लेकर कई स्तरों पर काम किया जा रहा है। पिंक स्कूटी के अलावा महिला हेल्प डेस्क, 1090 वूमन पावर लाइन, पिंक बूथ, स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिंक स्कूटी से महिला पुलिसकर्मियों को आत्मनिर्भरता के साथ-साथ तेज़ी से कार्रवाई करने में मदद मिल रही है। डीसीपी ने यह भी बताया कि मिशन शक्ति का उद्देश्य केवल अपराध पर अंकुश लगाना ही नहीं, बल्कि महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उन्हें आत्मविश्वास से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। आने वाले समय में महिला सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए अतिरिक्त संसाधन और योजनाएं लागू की जाएंगी।