फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में कलराज मिश्र बोले- प्रारंभिक शिक्षा से ही विद्यार्थियों को बनाएं आत्मनिर्भर

राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र ने शनिवार को जेपी पब्लिक स्कूल में आयोजित पर्यावरण संरक्षण विषयक प्रधानाचार्य सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तरीय शिक्षा से ही पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। इसके लिए स्कूलों में ऐसे नवाचार और तकनीकों को अपनाने की आवश्यकता है, जिनसे पर्यावरण को किसी भी प्रकार का दुष्प्रभाव न पहुंचे। मिश्र ने कहा कि एनईपी 2020 के तहत कक्षा छह से ही विद्यार्थियों में आत्मनिर्भरता और कौशल विकास की भावना विकसित करने पर जोर दिया गया है। शिक्षा को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखते हुए व्यवहारिक और कौशल-आधारित बनाया जा सकें। ताकि विद्यार्थी भविष्य की चुनौतियों का सामना आत्मविश्वास के साथ कर सकें। उन्होंने बताया कि नीति का लक्ष्य वर्ष 2030 तक स्कूली शिक्षा में 100 प्रतिशत सकल नामांकन और उच्च शिक्षा में 50 प्रतिशत सकल नामांकन अनुपात (जीईआर) प्राप्त करना है। इसके साथ ही कौशल-आधारित शिक्षा को मुख्यधारा से जोड़ना, भारतीय ज्ञान परंपरा और नैतिक मूल्यों को शिक्षा का अभिन्न हिस्सा बनाना भी एनईपी की प्रमुख विशेषताओं में शामिल है। उनका कहना है कि विद्यार्थियों का समग्र विकास ही उन्हें वैश्विक स्तर पर ज्ञान महाशक्ति बनाने में सहायक होगा। शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार पाना नहीं, बल्कि ऐसे सक्षम नागरिक तैयार करना है जो स्वयं रोजगारपरक बनें और आगे चलकर दूसरों को भी रोजगार देने में सक्षम हों। ग्रेटर नोएडा के सेक्टर स्वर्ण नगरी स्थित जेपी पब्लिक स्कूल में शनिवार को एक दिवसीय पर्यावरण संरक्षण विषयक प्रधानाचार्य सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें 100 से अधिक स्कूलों के प्रधानाचार्यों ने भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन लोहम और ध्रुव क्लासेस के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य उद्योग सहयोग के माध्यम से पर्यावरण के प्रति उत्तरदायी विद्यार्थियों का निर्माण करना हैं। वहीं, विद्यालय प्रमुखों को पर्यावरण संरक्षण, ई-वेस्ट प्रबंधन तथा सतत विकास के प्रति जागरूक करना तथा विद्यालयों में पर्यावरण से जुड़ी गतिविधियों को प्रभावी रूप से लागू करने हेतु प्रेरित करना था। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सीईओ शैलेंद्र भाटिया, स्कूल के प्रधानाचार्य मीता भंडुला, जेपी एजुकेशन ग्रुप के जरनल मैनेजर आनंद कुमार, एमएसएमई के निदेशक डॉ. आरके भारती, लोहम के वाइस अध्यक्ष चेतन जैन, ध्रुव क्लासेस के निदेशक ध्रुव राय, पवन राय आदि ने लोगों को संबोधित किया।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें