15वें उत्तराखंड महाकौथिग के तीसरे दिन रविवार को नोएडा स्टेडियम पूरी तरह पहाड़ की लोकसंस्कृति और महिलाओं की सशक्त भागीदारी के रंग में रंगा नजर आया। रविवार की छुट्टी के चलते सुबह से ही एनसीआर के विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में प्रवासी उत्तराखंडी और संस्कृति प्रेमी स्टेडियम पहुंचने लगे थे। शाम होते-होते दर्शकों की भारी भीड़ से पूरा परिसर खचाखच भर गया और माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो उठा। तीसरे दिन का शाम का सत्र लोक गायक किशन महिपाल, लोक गायिका रेशमा शाह और लोक गायक कैलाश कुमार के नाम रहा। तीनों कलाकारों ने एक से बढ़कर एक लोकप्रिय पहाड़ी गीत प्रस्तुत कर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। भगवत भागवत मनराल के नृत्य निर्देशन में पर्वतीय कला संगम की टीम ने लोकगीतों पर शानदार नृत्य प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। वहीं उत्तराखंड के प्रसिद्ध हास्य कलाकार संदीप छिलबट ने अपने चुटीले व्यंग्य से दर्शकों को खूब हंसाया।