नोएडा में बालिकाओं को आत्मनिर्भर व सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से सेक्टर-73 स्थित श्याम सिंह स्मारक स्कूल में अपराजिता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करीब 200 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कराटे कोच कमल सरकी ने छात्राओं को विभिन्न आत्मरक्षा तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया और बताया कि किसी भी विपरीत परिस्थिति में घबराने के बजाय सही तकनीक और आत्मविश्वास सबसे बड़ा हथियार होता है। प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को स्ट्रीट फाइट, पंच-ब्लॉक कॉम्बिनेशन और सेल्फ डिफेंस की कई उपयोगी तकनीकों का अभ्यास कराया गया। कोच ने छात्राओं को बताया कि आत्मरक्षा का मतलब केवल सामने वाले पर हमला करना नहीं, बल्कि खुद को सुरक्षित रखते हुए खतरे से बाहर निकलना है।