नोएडा। सोमवार को बारिश के बावजूद जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही ओपीडी में बुखार, खांसी और जुकाम की शिकायत लेकर बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे। मौसम में बदलाव के कारण बच्चों की संख्या भी काफी अधिक रही। अस्पताल में सोमवार को 100 से अधिक बच्चे ओपीडी में पहुंचे। इनमें करीब 80 प्रतिशत बच्चों में खांसी और जुकाम के लक्षण पाए गए। चिकित्सकों के अनुसार बारिश के बाद तापमान में बदलाव और मौसम में नमी के कारण सर्दी-जुकाम के मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। कई बच्चों को हल्का बुखार और गले में खराश की शिकायत भी रही। चिकित्सकों ने अभिभावकों को बच्चों को बारिश में भीगने से बचाने, गीले कपड़े तुरंत बदलने और ठंडे खाद्य पदार्थों से परहेज की सलाह दी है। साथ ही लगातार बुखार या सांस लेने में परेशानी होने पर चिकित्सक से जांच कराने को कहा है।