इन दिनों ई रिक्शा चालकों की परेशानी एक चाइनीज एप ने बढ़ा दी है। बैट बीएमएस एप के जरिये उनकी बैटरी की बिजली आपूर्ति बंद हो जाती है। और सवारियां बिना किराया दिए ही उतर कर चली जा रही हैं। सड़कों पर चलने के दौरान ई रिक्शा चालकों को ये खौफ सता रहा है। शहर में कई चालकों के ई रिक्शा बीच सड़क पर चलते हुए बंद हो चुके हैं। जिसके बाद उन्हें दो से तीन किलोमीटर तक ई रिक्शा को खींचकर मैकेनिक तक ले जाना पड़ा। दरअसल, बैट बीएमएस एप ई रिक्शा की बैटरी की बिजली आपूर्ति को बंद कर रहा है उसे चाइना ने डेवलप किया है। बैटरी की निगरानी के लिए एप को बनाया गया था। बीते कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर तेजी से इस एप को लेकर वीडियो बनाई जा रही हैं। जिसमें दर्शाया जा रहा है कि एप की मदद से दस से पंद्रह मीटर के दायरे में आने वाले ई रिक्शा की बैटरी को मोबाइल के ब्लूटूथ की मदद से कनेक्ट किया जा सकता है।