नोएडा शहर की हवा जैसे-जैसे जहरीली होती जा रही है, वैसे-वैसे शहर के बाजारों में एयर प्यूरीफायर की मांग तेजी से बढ़ते जा रही है। प्रमुख व्यापारियों के अनुसार मांग में करीब 50 फीसदी की बढ़त देखी जा रही है। रोजाना औसतन 35 प्यूरीफायर की रोजाना बिक्री जारी है। वहीं बाजार में 8 हजार से लेकर 80 हजार तक के एयर प्यूरीफायर उपलब्ध हैं। सेक्टर 18 मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील कुमार जैन ने बताया कि शहर की आबोहवा लगातार जहरीली होती जा रही है। जहां एक तरफ एक्यूआई 300 पार कर चुका है, वहीं दूसरी ओर बाजारों में इस हवा से खुद को और परिवार को बचाने के लिए लोगों की चिंताएं साफ नजर आ रही है। शहरवासी अब एयर प्यूरीफायर खरीदने के लिए बाजार का रुख कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर इलेक्ट्रिक दुकानों में भी विभिन्न गुणवत्ता वाले एयर प्यूरीफायर उपलब्ध हैं। सेक्टर 18 के न्यू रिदम हाउस इलेक्ट्रिक उत्पाद के शोरूम के मालिक नीरज महेश्वरी ने बताया कि इनकी रेंज अधिकतर मार्केट में करीब 8000 से लेकर 80000 तक भी है। ऐसे में हर तरह की क्वालिटी के एयर प्यूरीफायर उपलब्ध हैं। व्यापारियों ने बताया दरअसल इसमें सबसे बड़ा अंतर ब्रांडेड कंपनी और खासकर हवा को साफ करने वाली हेफा फिल्टर की गुणवत्ता पर निर्भर करता है। हवा को किस लेवल तक साफ होगी, यह उसी पर ही निर्भर करता है। हालांकि अभी तो शहर की हवा 300 एक्यूआई पार कर चुकी है, लेकिन यही एक्यूआई यदि 400 पार चला गया तो एयर प्यूरीफायर की डिमांड में उछाल आ जाएगा।