नोएडा के सेक्टर 21ए स्थित नोएडा स्टेडियम के ग्राउंड में इस बार छठ पूजा मनाने वाले भक्तों को पिछले बार से बढ़कर सबसे बड़ा कृत्रिम जलाशय देखने को मिलेगा। जिसकी तैयारी आज से शुरू कर दी गई हैं।
प्रवासी महासंघ नोएडा के पदाधिकारियों ने नोएडा स्टेडियम में रविवार को बैठक कर छठ महोत्सव पर होने वाले कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की जानकारी दी। मीडिया प्रभारी अनुज त्रिपाठी ने बताया कि इस बार दिल्ली एनसीआर का सबसे बड़ा कृत्रिम जलाशय नोएडा स्टेडियम के ग्राउंड पर उनकी समिति द्वारा तैयार किया जाएगा। जिसकी लंबाई 160 फुट होगी वहीं इसकी चौड़ाई 60 फुट रहेगी। जिसमें आराम से बड़ी संख्या में लोग जलाशय में उतरकर सूर्य देवता को अर्घ्य दे सकेंगे। इस बार कृत्रिम जलाशय को करीब 10 कुंतल गुलाब के फूलों से सजाया जाएगा। जहां उतरकर व्रती महिलाएं सूर्य देवता को अर्घ्य देंगी।
लगभग 1 लाख लोगों के आने की संभावना
नोएडा स्टेडियम में छठ पूजा की आयोजन समिति के अध्यक्ष आलोक वत्स ने बताया कि इस बार छठ पूजा में करीब 1 लाख लोगों के आने की संभावना है। जिसको लेकर बड़े स्तर पर समिति की ओर से प्राधिकरण के सहयोग से तैयारियां की जा रही है। जिसके लिए गेट से लेकर जलाशय तक आने के लिए भक्तों के लिए सुगम स्थान दिया जाएगा। ताकि छठ के कठिन व्रत को रखने वाली महिलाओं को कोई भी समस्या न हो।
25 सीसीटीवी और 4 ड्रोन कैमरे करेंगे निगरानी
नोएडा स्टेडियम में आयोजित होने वाले छठ महोत्सव में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे। ताकि किसी भी प्रकार की कोई अनहोनी न हो सके। समिति के कार्यकारी अध्यक्ष टीएन चौरसिया ने बताया कि इस बार करीब 25 सीसीटीवी कैमरे पूरे कार्यक्रम के परिसर की निगरानी करेंगे। वहीं हर एक कोने कोने की निगरानी रखने के लिए 4 ड्रोन कैमरे भी निगरानी करेंगे। वहीं सुरक्षा दृष्टि के तहत फायर उपकरण भी जगह-जगह लगाए जाएंगे।