नोएडा सेक्टर 93ए स्थित सुपरटेक एमरॉल्ड कोर्ट सोसाइटी में अमर उजाला संवाद के दौरान सोसाइटी निवासियों ने बताया कि ट्विन टावर गिरने के बाद से सोसाइटी निवासियों को खुली हवा और धूप मिलने लगी है इससे सोसाइटी में रहना सुकून देता है लेकिन आज भी पानी की समस्या ठीक नहीं हुई है। यहां पर पानी निश्चित समय के लिए आता है और पानी में टीडीएस लेवल करीब 2100 रहता है। इससे लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो रही हैं। सोसाइटी के बाहर ग्रीन बेल्ट की जगह सर्विस रोड बना दी गई है। ऐसे में यहां पर ट्रैफिक चलता रहता है। सेक्टर 93ए स्थित सुपरटेक एमरॉल्ड कोर्ट सोसाइटी में रविवार को अमर उजाला संवाद का आयोजन किया गया। इस दौरान सोसाइटी निवासियों ने संवाद में सोसाइटी की विभिन्न समस्याएं बताईं। सोसाइटी निवासियों ने बताया कि सोसाइटी की शुरुआत से लेकर एल्डिको यूटोपिया सोसाइटी तक बीच में यूटर्न लेने की कोई जगह नहीं है। यूटर्न लेने के लिए करीब एक किलोमीटर चलना पड़ता है। इससे सड़कों पर लोग रॉन्ग साइड चलते हैं। ऐसे में घटना होने का डर बना रहता है। इसके अलावा सोसाइटी के बाहर बने डिवाइडर को मेटेंन करने की जरूरत है। सोसाइटी के आसपास ट्रैफिक बढ़ने की वजह से गेट नंबर तीन के पास एक फुटओवर ब्रिज बनने की मांग की जा रही है। जल्द ही इस संबंध में पत्राचार किया जाएगा। सोसाइटी के नजदीक स्थित गेझा गांव के बारात घर में देर रात तक चलने वाले साउंड से सोसाइटी निवासियों को परेशानी होती है। इस संबंध में पुलिस से शिकायत करनी होती है।