इकोटेक-3 कोतवाली क्षेत्रान्तर्गत स्थित सी-124 इंडस्ट्रियल एरिया (कैंट-2) में सोमवार देर रात एक फैक्टरी में भीषण आग लग गई। फैक्टरी फ्रूटी के पेपर से स्ट्रॉ बनाने का कार्य करती है। आग लगने की सूचना मिलते ही थाना स्थानीय पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। इस घटना से आसपास के उद्योगों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तत्काल आसपास की बिल्डिंह को खाली कराया ताकि आग दूसरी फैक्टरी तक न पहुंचे। करीब 15 फायर टेंडरों की मदद से आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) गौतमबुद्धनगर प्रदीप कुमार ने बताया कि आग की सूचना रात करीब 3 बजे प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही दो गाड़ियां तुरंत मौके पर भेजी गईं, लेकिन जब टीम पहुंची तो देखा कि आग काफी फैल चुकी थी। इसके बाद आसपास की सभी फायर यूनिटों को अलर्ट कर अतिरिक्त गाड़ियां भेजी गईं। लगभग चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह से बुझा लिया गया। फायर अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत होता है। फैक्ट्री में अधिकतर कच्चा माल कागज और प्लास्टिक का होने के कारण आग तेजी से फैल गई। गनीमत रही कि घटना के समय फैक्ट्री में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। बिल्डिंग के बाहर कोई ज्वलनशील सामग्री नहीं थी और समय रहते आग को नियंत्रित कर लिया गया। आग के कारणों की जांच की जा रही है।