गुरुग्राम में साइबर सिटी के सबसे व्यस्त स्थानों में शामिल सदर बाजार के आसपास सड़कों पर शनिवार को यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमराई रही। अग्रवाल धर्मशाला के पास मुख्य पॉइंट से पुलिसकर्मियों के नदारद रहने के कारण सड़क पर वाहनों के पहिये थम गए। इस चौराहे पर लगे भीषण जाम का असर अग्रसेन चौक, महावीर चौक व सिद्धेश्वर चौक तक देखने को मिला। सामान्य दिनों में जहां वाहन चालकों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाने के लिए एक से दो मिनट का समय लगता है, जाम लगा होने के कारण आधे से पौने घंटे का समय लग रहा था।