गुरुग्राम सेक्टर-29 स्थित लेजर वैली पार्क के जीर्णोद्धार का कार्य पूरा हो गया है। अब पार्क में रोज शाम 6 से 8 बजे तक पानी के पर्दे पर हनुमान की लीलाएं और गुरु द्रोणाचार्य की कथा दिखाई जा रही हैं। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरणने लेजर वैली पार्क (महाराणा प्रताप स्वर्ण जयंती पार्क) को नए सिरे से विकसित कराया है। एक फव्वारे में थ्री-डी वॉटर-बेस्ड प्रोजेक्शन स्क्रीन शुरू की गई है। यहां 30 मीटर चौड़े पानी के पर्दे पर वीर हनुमान और गुरु द्रोणाचार्य की लीलाएं प्रदर्शित की जा रही हैं। दर्शकों के बैठने के लिए करीब 100 लोगों की व्यवस्था की गई है। करीब 20 मिनट का यह प्रकाश और ध्वनि शो पौराणिक कथाओं, कल्पना और आधुनिक तकनीक का संगम है, जो दर्शकों को आकर्षित कर रहा है। विधायक मुकेश शर्मा ने पार्क का दौरा कर कराए गए कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने स्वयं पानी के पर्दे पर हनुमान की लीलाएं देखीं और पार्क में लगी लाइटें, पौधे, वॉकिंग ट्रैक व म्यूजिक फाउंटेन का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि अब पार्क में लोगों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। साथ ही उन्होंने नागरिकों से शाम के समय पार्क में आकर इस शो का आनंद लेने की अपील की।