सिविल लाइंस स्थित नेहरू स्टेडियम में जर्जर हो चुके हॉस्टल और पुराने कार्यालय की इमारत को तोड़ने की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ रही। इन दोनों इमारतों को कई साल पहले कंडम घोषित किया जा चुका है। पिछले दिनों हरियाणा में नई सरकार बनने के बाद खेल सुविधाओं में बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। ऐसे में स्टेडियम के पुराने भवनों की जगह नए भवन बनने का इंतजार खिलाड़ी व प्रशिक्षक कर रहे हैं। यहां पर हॉस्टल बनने के बाद कई खेलों के खिलाड़ियों को आवासीय अकादमी की सुविधा मिलेगी। नेहरू स्टेडियम स्थित जिला खेल अधिकारी के पुराने कार्यालय के भवन की जगह खिलाड़ियों के लिए पुनर्वास केंद्र (रिहैबिलिटेशन सेंटर) की बनाने की योजना है। पुनर्वास केंद्र बनने के बाद खेलकूद के दौरान चोटिल होने वाले खिलाड़ियों को उपचार के साथ-साथ चोट से बचने का प्रशिक्षण भी मिलेगा। नेहरू स्टेडियम के हॉस्टल में एथलेटिक्स, जिम्नास्टिक, वॉलीबॉल और हॉकी के 64 खिलाड़ियों के रहने की व्यवस्था थी। हॉस्टल में वर्ष-2015 में कंडम घोषित किया गया था, इसके बाद यहां पर खिलाड़ियों को नहीं ठहराया जा रहा।