मिलेनियम सिटी गुरुग्राम में इन दिनों गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह से ही सूरज की तेज किरणें लोगों को झुलसाने लगती हैं और जैसे-जैसे दिन चढ़ता है, गर्मी और भी ज्यादा बढ़ जाती है। रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 41.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस रहा। तेज गर्मी के कारण दोपहर के समय सड़कों और बाजारों में लोगों की आवाजाही कम दिखाई दी। जरूरी काम होने पर ही लोग घरों से बाहर निकलते नजर आए। गर्मी से बचने के लिए लोग तरह-तरह के उपाय कर रहे हैं। कोई ठंडे पेय पदार्थ पी रहा है तो कोई छांव और कूलर-पंखों का सहारा ले रहा है। बाजारों में भी ठंडे पेय पदार्थों की मांग बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को शहर में हल्की बारिश होने की संभावना है। अगर बारिश होती है, तो लोगों को इस तेज गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। हालांकि यह राहत ज्यादा देर तक रहने की संभावना कम है, लेकिन तापमान में थोड़ी गिरावट जरूर आ सकती है।