मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान कादीपुर चौक के पास पानी की लाइन क्षतिग्रस्त होने से कई कॉलोनियों और सेक्टरों में जलापूर्ति प्रभावित हो गई। रविवार शाम सेक्टर-10 बस डिपो के सामने लाइन क्षतिग्रस्त होने से हजारों लीटर पानी नाले में बह गया। इसके चलते सोमवार सुबह बसई एन्क्लेव पार्ट-एक, सेक्टर-37सी, कादीपुर और सरस्वती एन्क्लेव समेत आसपास के क्षेत्रों में लोगों को सुबह और शाम पानी की किल्लत का सामना करना पड़ा। लोगों को पानी की जरूरत पूरी करने के लिए टैंकरों का सहारा लेना पड़ा। शहर में मिलेनियम सिटी सेंटर से सेक्टर-नौ तक मेट्रो कॉरिडोर का निर्माण कार्य चल रहा है। बसई चौक से कादीपुर चौक के बीच गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) की मास्टर वाटर पाइपलाइन कॉरिडोर के रास्ते में आ रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, बसई एन्क्लेव पार्ट-एक, सेक्टर-37सी, कादीपुर और सरस्वती एन्क्लेव समेत कई क्षेत्रों में लोगों को सुबह और शाम पानी की समस्या झेलनी पड़ी।