जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध कॉलोनियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए फरुखनगर, सोहना और सेक्टर-50 क्षेत्र में व्यापक तोड़फोड़ अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान कई अवैध निर्माण, डीपीसी, बाउंड्री वॉल और सड़क नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया गया। पूरे अभियान में पुलिस बल की मौजूदगी में शांति व्यवस्था बनाए रखी गई। प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार 28 जनवरी को फरुखनगर क्षेत्र में थाना सेक्टर-10ए पुलिस के सहयोग से गांव साढ़राना की राजस्व भूमि में विकसित दो अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई की गई। यह कॉलोनियां करीब 1.5 एकड़ और तीन एकड़ क्षेत्र में फैली हुई थी। यहां 40 डीपीसी, तीन बाउंड्री वॉल, एक पक्का ढांचा और पूरा डब्ल्यूबीएम रोड नेटवर्क ध्वस्त किया गया। वहीं 29 जनवरी को सोहना खंड में थाना सिटी सोहना पुलिस की मौजूदगी में करीब 4.1 एकड़ में विकसित अवैध कॉलोनी को हटाया गया। इस दौरान 33 डीपीसी, 3 बाउंड्री वॉल, एक निर्माणाधीन ढांचा और पूरी सड़क व्यवस्था को बुलडोजर से गिरा दिया गया। इसके अलावा सेक्टर-50 स्थित निर्वाणा कंट्री (फ्रेस्को अपार्टमेंट के पास) क्षेत्र में भी कार्रवाई करते हुए एक अवैध विटा बूथ को हटाया गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध कब्जों और बिना अनुमति विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा। लोगों से अपील की गई है कि वे बिना वैध अनुमति के किसी भी प्लॉट या कॉलोनी में निवेश न करें, अन्यथा नुकसान की जिम्मेदारी स्वयं की होगी।