फीफा विश्व कप के आगाज के साथ ही जिले के फुटबॉल खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। गांवों से लेकर शहर के खेल मैदानों तक विश्व कप की चर्चा हो रही है। जिले के राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर खेल चुके खिलाड़ी भी विश्व कप मुकाबलों को लेकर बेहद उत्साहित नजर आ रहे हैं। उनका कहना है कि विश्व कप केवल एक टूर्नामेंट नहीं बल्कि हर फुटबॉलर के सपनों का सबसे बड़ा मंच है।खिलाड़ियों का मानना है कि विश्व कप में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को खेलते देख उन्हें नई प्रेरणा मिलती है। यही वजह है कि जिले के कई युवा खिलाड़ी अब पहले से अधिक मेहनत कर रहे हैं और भविष्य में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए विश्व कप जैसे बड़े मंच पर खेलने का सपना संजोए हुए हैं। फुटबॉल प्रशिक्षकों के अनुसार विश्व कप जैसे बड़े आयोजनों का सीधा असर युवाओं पर पड़ता है। इन दिनों अभ्यास सत्रों में खिलाड़ियों की संख्या बढ़ी है। युवा खिलाड़ी अपने पसंदीदा अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की तकनीक और खेल शैली को सीखने का प्रयास कर रहे हैं। जिले के विभिन्न खेल मैदानों में सुबह और शाम नियमित अभ्यास जारी है।