अपराध शाखा सेक्टर-39 की पुलिस ने गुरुग्राम, दिल्ली व नूंह से वाहन चोरी की 16 वारदातों को अंजाम देने वाले आरोपी मुठभेड़ में पकड़ा है। मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से घायल बदमाश को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने आरोपी से एक बाइक, पिस्टल, एक कारतूस और घटनास्थल से चार खाली खोल बरामद किए हैं। सरकारी कार्य में बाधा डालकर और पुलिस टीम पर गोली चलाकर जानलेवा हमला करने पर आरोपी के खिलाफ सोहना सिटी थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अपराध शाखा सेक्टर-39 को सूचना मिली कि बिना नंबर प्लेट की अपाचे बाइक पर सवार युवक हथियार के बल पर लूट या किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने के लिए गुरुग्राम से सोहना की तरफ आएगा। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बुलेट प्रुफ जैकेट सहित अन्य सुरक्षा उपकरण से लैस होकर सोहना के रायपुर गांव के पास नाकाबंदी की। इसी दौरान रायपुर गांव से सोहना की ओर काले रंग व बिना नंबर प्लेट की बाइक पर एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस ने जब बाइक सवार को रूकने का इशारा किया तो युवक ने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी और पुराना अलवर-सोहना रोड की ओर बाइक को भगा लिया।
पुलिसकर्मियों ने बाइक के बारे में नाकाबंदी करने वाली टीम को कॉल करके सूचना दी गई। नाकाबंदी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने बाइक सवार युवक को रोकने का प्रयास किया तो उसने बेरिकेड्स को सीधी टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार युवक नीचे गिर गया। पुलिस से बचने के लिए युवक पुलिसकर्मियों पर गोली चलाते हुए तिकोना पार्क की ओर रोड पर भागने लगा। पुलिस ने हवाई फायर करते हुए युवक को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी। इसके बाद भी युवक ने पुलिस पर गोली चलाई जोकि उपनिरीक्षक मोहित की बुलेट प्रूफ जैकेट पर लगी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में युवक के पैरों की तरफ गोली चलाई तो वह युवक के बांये पैर में लगी और वह जमीन पर गिर गया। इसके बाद पुलिस ने युवक को काबू किया। आरोपी ने अपनी पहचान पिनगवा (नूंह) के झिमरावट गांव निवासी जाहिद (30 वर्ष) के रूप में कराई। पुलिस ने गोली लगने से घायल जाहिद को उपचार के लिए सोहना के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने एफएसएल, सीन ऑफ क्राइम की टीमों को घटनास्थल पर बुलाकर निरीक्षण कराया।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी जाहिद का आपराधिक रिकॉर्ड जांचने पर पता चला कि उसके खिलाफ गुरुग्राम, नूंह व दिल्ली में वाहन चोरी करने के 16 मामले दर्ज हैं। जाहिद को पांच मामलों में अदालत ने उद्धघोषित अपराधी भी घोषित किया हुआ है। आरोपी के अस्पताल से डिस्चार्ज करने के बाद गिरफ्तार किया जाएगा।