गुरुग्राम में अपराध शाखा मानेसर और आईएमटी मानेसर थाने की पुलिस ने युवक के सिर पर चोटें मारकर हत्या करके वाले आरोपी को गिरफ्तार करके ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी को सुलझा लिया। पुलिस ने बुधवार को मानेसर क्षेत्र के कांकरौली-भांगरौला कट के पास हत्या करने वाले आरोपी को पकड़ा। पुलिस ने आरोपी से वारदात में प्रयोग की गई बैसाखी और मृतक कुमार गौरव सिंह का मोबाइल, पर्स सहित अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। आरोपी की पहचान महोबा, उत्तर प्रदेश के भरवाड़ा गांव निवासी अजय उर्फ भुवानी (34 वर्ष) के रूप में हुई है। आरोपी अजय उर्फ भुवानी से पूछताछ में पता चला कि वह गुरुग्राम में दिहाड़ी-मजदूरी का काम करता है। 21/22 अक्तूबर की रात को जब वह काम करके आईएमटी मानेसर के सेक्टर-7 स्थित आउटर रोड से जा रहा था। आउटर रोड के पास कुमार गौरव सिंह (मृतक) बैठा हुआ था। आरोपी अजय ने बताया कि कुमार गौरव सिंह ने उसको रात के समय आने पर टोका तो दोनों में कहासुनी हो गई। ऐसे में अजय ने हाथ में ले रखी बैसाखी कुमार गौरव सिंह के सिर पर मारकर घायल कर दिया। इसके बाद उसकी जेब से मोबाइल व पर्स लेकर भाग गया।