गुरुग्राम। सेक्टर-50 स्थित आर.पी.एस. इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित दो दिवसीय जिला शतरंज चैंपियनशिप का रविवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में जिले भर से 370 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। समापन समारोह में सुषमा चौहान और राजपाल चौहान ने विजेता खिलाड़ियों को नगद पुरस्कार, ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। राजपाल चौहान ने बताया कि दो दिन तक चले शह-मात के इस रोमांचक मुकाबले में खिलाड़ियों ने बेहतरीन दिमागी खेल का प्रदर्शन किया। विभिन्न आयु वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार बाजियां खेलते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। आयुवर्ग-9 लड़कों में वरदान गिल ने पहला स्थान प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर अव्यान अग्रवाल और तीसरे स्थान पर रिनेक सिंह कादियान रहे। आयुवर्ग-9 लड़कियों में इशाना गुलाटी ने पहला स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर आद्रिती गुप्ता और तीसरे स्थान पर आर्या अग्रवाल रहीं। आयुवर्ग-15 लड़कों में सक्षम अरोड़ा ने बाजी मारते हुए पहला स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर शाहान वोहरा और तीसरे स्थान पर व्योम मल्होत्रा रहे।