गुरुग्राम में 27वां हरियाणा राज्य खेल उत्सव आज से गुरुग्राम में आरंभ हो रहा है। इस राज्य स्तरीय आयोजन का शुभारंभ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को देर शाम ताऊ देवीलाल स्टेडियम में करेंगे। उद्घाटन समारोह में प्रदेश के कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय अवॉर्डी खिलाड़ी विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां भी दर्शकों को देखने को मिलेंगी। खेल उत्सव की तैयारियों को लेकर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सुमित कुमार ने शनिवार को आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेडियम परिसर, खिलाड़ियों के ठहरने, परिवहन, सुरक्षा, चिकित्सा और पेयजल जैसी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम प्रशासन ने उत्सव को भव्य और यादगार बनाने की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।