इंदिरापुरम के अभय खंड स्थिति विंडसर पार्क सोसायटी में मंगलवार तड़के करीब तीन बजे फ्लैट संख्या 305 में रहने वाले शुभम शर्मा (30) की सोसायटी के प्रथम तल की बालकनी से गिरकर मौत हो गई। शुभम मूलरूप से महाराष्ट्र के मुंबई स्थित अंधेरी के रहने वाले थे। यहां नोएडा सेक्टर 62 स्थित कार निर्माता कंपनी में नौकरी करते थे। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि युवक करीब एक साल से सोसायटी में किराए पर फ्लैट लेकर अकेले रह रहा था। बताया कि परिजनों को जानकारी देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसीपी ने बताया कि शुरुआती जांच में युवक के नशे की हालत में गिरने की बात सामने आई है। फिलहाल, किसी तरह का आरोप-प्रत्यारोप नहीं है। परिजनों के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।