बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में 13 जनवरी को हाईवे-9 के पास अल्लीपुर उपैड़ा मार्ग पर आलू के खेत में मिले प्रॉपर्टी डीलर वीरेंद्र राय (55) के शव मामले में पुलिस ने घटना का खुलासा किया है। मृतक के साथ प्रॉपर्टी का कार्य करने वाले गांव बामनौली जिला बागपत निवासी विकास तोमर ने ईंट से सिर में वार कर उसकी हत्या की थी। मृतक के आरोपी पर दो लाख रुपये थे, जिसका वह बार बार तगादा कर रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके पास से घटना में प्रयुक्त आईटेन कार व अन्य सामान बरामद किया है। 13 जनवरी की सुबह खेतों पर काम करने लिए जा रहे लोगों ने हाईवे-9 के पास अल्लीपुर उपैड़ा मार्ग पर आलू के खेत में एक व्यक्ति के शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी थी। सूचना पर वह थाना प्रभारी विजय कुमार गुप्ता व पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। मृतक व्यक्ति के शरीर पर केवल अंडरवीयर, बनियान और हाथ पर कलावा बंधा था। काफी मशक्कत के बाद बाबूगढ़ पुलिस ने शव के पास मिले शराब के पव्वे, सीसीटीवी कैमरों और सर्विलांस के माध्यम से मृतक की पहचान गांव रोवागोवा गोरखपुर रोड जिला बस्ती निवासी वीरेंद्र राय के रूप में की थी। फिलहाल विरेंद्र दिल्ली के नसीरपुर रोड द्वारिका दिल्ली में रहकर प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। दो लाख रुपये के लिए हुआ वीरेंद्र राय का कत्ल--एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि मृतक रोहिणी व द्वारिका में प्रॉपर्टी डीलर का कार्य करता था। उसके विरूद्ध भी दिल्ली के विभिन्न थानों में ठगी के कई अभियोग पंजीकृत हैं। वर्ष 2022 में तिहाड़ में जेल में बंद रहने के दौरान उसकी मुलाकात विकास से हुई थी। विकास भी हत्या के मामले में जेल में बंद था। जेल से बाहर आने के बाद दोनों मिलने जुलने लगे और दोनों प्रॉपर्टी का कार्य साथ करने लगे। दोनों ने मिलकर कई लोगों से ठगी की। इसी लेनदेन के बीच वीरेंद्र राय के विकास पर करीब दो लाख रुपये उधार हो गए थे। जिसका वीरेंद्र लगातार तगादा कर रहा था। इसी को लेकर विकास ने उसकी हत्या की योजना बनाई। कार में शराब पिलाने के बहाने लेकर आया विकास- 12 जनवरी की रात विकास तोमर ने वीरेंद्र को शराब पिलाने के लिए कार में बिठाया और अधिक शराब पिलानी शुरू कर दी। दिल्ली से हापुड़ आने के बाद वीरेंद्र काफी नश्ेा में हो गया था। ऐसे में विकास ने कार का हीटर तेजी से चला दिया। गर्मी लगने पर उसने वीरेंद्र के कपड़े उतरवा दिए और मौका देखकर ईंट से सिर में कई बार प्रहार कर उसकी हत्या कर दी और शव को आलू के खेत में फेंककर फरार हो गया। कपड़े और जूते उसने हाईवे किनारे एक स्थान पर जल रही आग में जला दिए और फरार हो गया। हत्या के बाद बेटे को किया था फोन- आरोपी ने हत्या के बाद मृतक के बेटे को फोन कर उससे बताया था कि वीरेंद्र का फोन नहीं लग रहा है। जिसके बाद बेटे ने विकास से उसके पिता की तलाश करने के लिए कहा था। लेकिन पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए आरोपी को सोना पेट्रोल पंप के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से मृतक का मोबाइल भी बरामद कर लिया गया।