गाजियाबाद में जहांगीरपुर थाना क्षेत्र के गांव गोविला में बाइक सवार दो दोस्तों पर फायरिंग और मारपीट करने के मामले में पुलिस ने 13 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। इसमें चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं आरोपियों के पास से पिस्टल भी बरामद की है। जहांगीरपुर थाना क्षेत्र के गांव गोविला निवासी विजय कुमार ने बताया कि रविवार को वह बाइक से अपने साथी गगन के साथ किसी कार्य से झाझर जा रहे थे। जब वह गांव में एक गली में पहुंचे, तो इसी दौरान कुछ लोगों ने उनपर लाठी - डंडों से हमला कर दिया। आरोपियों ने उन पर तमंचे और पिस्टल से फायरिंग भी की, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए और वहां से भागकर बड़ी मुश्किल से उन्होंने अपनी जान बचाई। इसके बाद भी आरोपियों ने उनके पीछे फायरिंग की। शोर सुनकर मौके पर अन्य लोग भी आ गए, जिन्होंने पीड़ित को बचाने का प्रयास किया। इसमें आरोपियों ने बीच बचाव करने वाले लोगों से भी मारपीट की, जिसमें मनीष, मुन्नी समेत चार लोग घायल हो गए। घटना की कुछ लोगों ने वीडियो भी बनाई, जिसमें एक आरोपी फायरिंग करते हुए दिखाई दे रहा है। सीओ विकास प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर गांव निवासी आकाश, रोहित, कपिल, पुष्पेंद्र, नकुल, मनीष, नरेंद्र, बिंदु, अरविंद, अमित कुमार, मुनेश, सुमित कुमार और कुलवीर के खिलाफ धारा बीएनएस 190 (बलवा), 191- 3 ( समूह के साथ हथियार से हमला), 109 (हत्या का प्रयास), 352 ( धमकी) के तहत मुकदमा दर्ज कर किया गया है।इसमें आरोपी अमित कुमार, अरविंद, बिंदु, मनीष को गिरफ्तार कर लिया गया, इनके पास से अवैध पिस्टल भी बरामद की गई है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।