फरीदाबाद में रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आने से करीब 80 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। रविवार को रेलवे स्टेशन पर उनका शव मिला। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। जीआरपी फरीदाबाद ने अन्य थानों को सूचना भेजकर शिनाख्त में मदद मांगी है। रेलवे पुलिस को आशंका है कि बुजुर्ग की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। एसआई धनिराम ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 80 वर्ष है। उन्होंने पीले रंग के कपड़े पहने हुए थे और उनका पहनावा साधु जैसा था। मृतक की पहचान के लिए हरियाणा के सभी जीआरपी थानों और फरीदाबाद जिले के थाना प्रभारियों को सूचना भेजी गई है। पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत कार्रवाई की है।