श्री रामकृष्ण लीला समिति टिहरी 1952 देहरादून की ओर से इस बार श्री गुरुनानक मैदान रेसकोर्स में रामलीला महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसे लेकर रविवार को महोत्सव की स्मारिका पुस्तक का विमोचन किया गया। रविवार को प्रेस क्लब में समिति के अध्यक्ष अभिनव थापर ने प्रेसवार्ता करते हुए कहा कि रामलीला का मंचन 22 से तीन अक्तूबर तक किया जाएगा। टिहरी जलमग्न होने के बाद इसे दून में पुनर्जीवित किया। इस बार रामलीला महोत्सव में रामलीला मंचन के साथ उत्तराखंड की सांस्कृतिक धरोहर का भी समागम होगा। इसमें प्रदेशभर से कलाकार अपनी कला की छटा भी बिखेरेंगे। वहीं, प्रेसवार्ता में स्मारिका पुस्तक का विमोचन समिति के संरक्षक मंडल के सदस्य बछेंद्र कुमार पांडेय ने किया। उन्होंने कहा कि इस बार रामलीला मंचन के साथ 19 सितंबर से भव्य मेला और 20 सितंबर को भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद दो अक्तूबर को रावण, कुंभकर्ण, मेघनाथ और लंका का दहन होगा। रामलीला में दून के साथ टिहरी, भटवाड़ी, उत्तरकाशी, ऋषिकेश आदि कई जगह के अनुभवी कलाकार मंचन करेंगे। इसके साथ ही रेशमी रुमाला, कंचन भंडारी, पूनम सकलानी जैसे प्रसिद्ध कलाकार भी अभिनय करेंगे।