बलौदाबाजार-भाटापारा में लाहौद स्थित गणेश राइस मिल में भीषण आग लगने से करोड़ों का धान जलकर राख हो गया। लवन थाना क्षेत्र के ग्राम लाहौद स्थित गणेश राइस मिल में बीती रात भीषण आग लग गई। आग लगने का कारण फिलहाल अज्ञात है, लेकिन इस हादसे में राइस मिल में रखा करोड़ों रुपए मूल्य का धान जलकर पूरी तरह राख हो गया। जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम और लवन थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उसे काबू में करने के लिए पूरी रात और सुबह तक फायर टीम को मशक्कत करनी पड़ी। लवन थाना प्रभारी अमित पटले की सूझबूझ और तत्परता से आग के और अधिक फैलाव को रोका जा सका, जिससे मिल के बाकी हिस्सों और आसपास के क्षेत्र को संभावित बड़े नुकसान से बचा लिया गया। फिलहाल आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है, लेकिन आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस हादसे में भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। प्रशासन की ओर से घटना स्थल का निरीक्षण किया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।