बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुजफ्फरपुर के मीनापुर निर्वाचन क्षेत्र से आगामी बिहार विधानसभा चुनावों के लिए अपने चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत की। मीनापुर से पार्टी उम्मीदवार अजय कुशवाहा के समर्थन में नीतीश कुमार ने मंगलवार को रैली की थी। भारत के स्वतंत्रता सेनानी और क्रांतिकारी जुब्बा सहनी की भूमि कहे जाने वाले इस निर्वाचन क्षेत्र में जेडीयू के अजय कुशवाहा और आरजेडी के निवर्तमान विधायक मुन्ना यादव के बीच कड़े मुकाबले के आसार हैं। अजय कुशवाहा के मुताबिक मीनापुर में भ्रष्टाचार एक प्रमुख मुद्दा है और इसकी सबसे बड़ी वजह वे मौजूदा विधायक को बता रहे हैं। जेडीयू उम्मीदवार अजय कुशवाहा ने कहा, "मीनापुर में सबसे बड़ा समस्या जो है, मीनापुर के लोग यहां के भ्रष्टाचार त्रस्त हैं। यहां के जो हम लोगों के विधायक थे उन्होंने ब्लॉक को प्रखंड को खोखला करने का काम किया। नगर पंचायत को लूटे, पंचायत को लूटे, प्रखंड को लूटे, अंचल को लूटे, कोई ऐसा जगह नहीं है जिसको इन्होंने छोड़ा है।"
आरजेडी प्रत्याशी मुन्ना यादव भी प्रचार में जुटे हैं। वे डोर-टू-डोर अभियान चला रहे हैं। उनका दावा है कि मीनापुर में उन्होंने बहुत विकास कराया है। जेडीयू उम्मीदवार मुन्ना यादव ने कहा, "जाति उन्माद तो हम मीनापुर में नहीं होने देंगे। जब तक मुन्ना यादव जिंदा है किसी की औकात नहीं है कि जाति उन्माद पैदा कर दे मीनापुर में। है औकात तो दिखा दे करके लेकिन ये भ्रष्टाचार पर लगाम लालू जी का शासन था गरीब आदमी अगर ब्लॉक में, थाने में या डीएम तक जाता था न तो सब डरता था कि सब लालू दादा का आदमी है गरीब आदमी है ये अगर हमारा शिकायत कर देगा तो हम पर हटा दिया जाएगा, हम पर कार्रवाई हो जाएगी। अभी एनडीए के सरकार में भाजपा के सरकार में पदाधिकारी समझता है कि आम जनता उसका नौकर है।"
मीनापुर में मतदाताओं की राय मिलीजुली है, जहां कुछ लोग भ्रष्टाचार और विकास की कमी की शिकायत करते हैं, वहीं कुछ लोग क्षेत्र में विकास के काम से संतुष्ट हैं। स्थानीय तेज राय प्रसाद ने कहा, "मेन क्या है कि हम लोग का रोड नहीं बना, जर्जर रोड हैं लेकिन हम लोग का इधर कुछ नहीं है इधर में। ब्लॉक वन में जाते हैं तो अधिकारी के पास जाते हैं तो कहता है पैसा दे दीजिए। दो हजार रुपये अभी दाखिल खारिज हो रहा है, तो पांच-छह हजार रुपये मांग करता है। हम लोगों के पास पैसे नहीं है। जब मंदी का बात आता है तो कहता है कि रसीद लाइए हजार रुपये की।" जैसे-जैसे चुनाव प्रचार ज़ोर पकड़ रहा है, मीनापुर के लोगों की उम्मीद बढ़ती जा रही है कि इस बार विकास का मुद्दा ही केंद्र में रहेगा। मीनापुर निर्वाचन क्षेत्र में बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 6 नवंबर को मतदान होना है, और वोटों की गिनती 14 नवंबर को होगी।