'हिंदी हैं हम' शब्द शृंखला में आज का शब्द है- वाग्मिता, जिसका अर्थ है- पांडित्य। प्रस्तुत है अनादि सूफ़ी की कविता- मेरे जीवन मुझे विश्राम दो
मेरे जीवन मुझे विश्राम दो अब
सूर्य जल चुका
चाँद थक चुका
पृथ्वी का जल आधा सूख गया
बिछड़ चुकीं उपत्यिकाएँ उसकी
बर्फ़ के पहाड़ों से हमेशा के लिए
प्रेम उम्रदराज़ होकर उपेक्षित हो चला
इतर रिश्ते अपनी सिद्धियाँ पा चुके
बादल-वृक्ष-फूल का राग हम गा चुके
मनुष्य होकर हम कहाँ पहुँचे?
मेरी वाग्मिता मुझे निस्संग करो अब
मेरे संयम मुझे स्थगित करो अब
स्मृतियाँ ठग रही हैं मुझे
भुजाएँ अब घुटनो तक नहीं पहुँचतीं
मेरी आँखों से स्वप्न विदा हो चुके
मन के आईने में चेहरे पहचान से परे हैं आज
जन्म की कहानी अंधकूप में विसर्जित है
पंछियों तक को आसमान की थाह नहीं
सभी यात्राएँ अंततः बेमक़सद हैं
तो मोह का विलोम क्या हो सकता है?
मेरे छाया-पुरूष मुझे निर्द्वंद्व करो अब
मेरे मित्र, मेरे शत्रु मुझे क्षमा करो
आकाश का धर्म कविताओं से कहाँ सँभलता है
दिशाएँ सब अर्थहीन हैं अब
भाषा सामर्थ्य खो रही है
प्रार्थनाओं के व्याकरण छीज रहे हैं।
मेरे ईश्वर मुझे मुक्त करो अब।
हमारे यूट्यूब चैनल को Subscribe करें।
लिंक पर क्लिक करें और जुड़ें अमर उजाला काव्य के व्हाट्सएप चैनल से
https://whatsapp.com/channel/0029VaXoA27A89Mp96alfc2o