1977 में रिलीज फिल्म 'अपनापन' का गीत आदमी मुसाफिर है आता है जाता है...बस में फिल्माया गया है। सुधीर दलवी और बाल कलाकार निवेदिता जोशी इस गीत को गाते हैं। बस में नायक जीतेंद्र और सुलक्षणा पंडित भी सवार रहते हैं। मोहम्मद रफी की आवाज में आनंद बक्षी का यह गीत जैसे जिंदगी के सफर में वक्त की सुनहरी तस्वीर पेश कर रहा है। लक्ष्मीकांत प्यारेलाल ने इस गीत को संगीत से सजाया है। जिंदगी के सफर में रफ्तार के बीच भी प्रेम को शाश्वत और ठहरा हुआ करार मानने वाला यह गीत मुझे खासतौर पर पसंद है। मैं प्रभावी बोल की वजह से इस गीत का मुरीद हूं।
गीत का पहला अंतरा ही जिंदगी के सफर को स्पष्ट करता हुआ कहता है कि आदमी मुसाफिर है इस जिंदगी में तथा वह राहों में अपनी यादें छोड़ जाता है। यहीं याद उसकी निशानी बचती है। गीत यह भी कहता है कि जिंदगी साथ मांगती है। अगर साथ नहीं मिला तो आदमी सफर में अकेला रह जाता है।
आदमी मुसाफिर है, आता है, जाता है
आते जाते रस्ते में, यादें छोड़ जाता है
झोंका हवा का, पानी का रेला
मेले में रह जाये जो अकेला
फिर वो अकेला ही रह जाता है
आदमी मुसाफिर है...
इस गीत का मतलब यह भी है कि जिंदगी और उसकी रफ्तार के बीच प्रेम लेकिन स्थिर रहता है। दिल हर के पास है और वह धड़क भी रहा है। प्रेम करने से आप वक्त और उसकी रफ्तार के शिकंजे से बाहर निकल जाते हैं। अगला अंतरा यही कह रहा है कि जिंदगी की असली चाहत प्रेम है रफ्तार नहीं और प्रेम करने के बाद अगर कोई अपने 'प्यार' को भूलने की कोशिश करे तो भी यह संभव नहीं है। प्रेम में साथी भूलकर भी याद आता है। यह अंतरा बता रहा है प्रेम रफ्तार को पीछे छोड़ देता है। सफर को भी अपने से पीछे छोड़ देता है। गीत कह रहा है कि रफ्तार भरी इस जिंदगी में अगर आप कुछ निशानी छोड़ते हैं तो वह प्रेम से बड़ी दूसरी निशानी और कुछ नहीं हो सकती है। मंजिल पर पहुंचने के बाद हमें रास्ते की चीजें याद आती हैं। प्रेम तो और याद आता है। वह तो भूलने वाली चीज ही नहीं है।
कब छोड़ता है, ये रोग जी को
दिल भूल जाता है जब किसी को
वो भूलकर भी याद आता है
आदमी मुसाफिर है...
क्या साथ लाये, क्या तोड़ आये
रस्ते में हम क्या-क्या छोड़ आये
मंजिल पे जा के याद आता है
आदमी मुसाफिर है...
गीत का अंतिम अंतरा तो जीवन की रफ्तार में संघर्ष को इंगित करता हुआ कहता है कि जीवन की नाव सफर में डोलती भी है। हिलती-डुलती है। कोई अपनी सोच और धैर्य से अपनी नाव को किनारे लगा देता है। कोई लापरवाही करता हुआ अपने जीवन की नैय्या को डुबो देता है।
जब डोलती है, जीवन की नैय्या
कोई तो बन जाता है खिवैय्या
कोई किनारे पे ही डूब जाता है
आदमी मुसाफिर है...
आप भी इस गीत को यहां सुनिए-
8 वर्ष पहले