हां ईमानदारी से मिली , हार से खुश हूं।
फूल ना मिले तो क्या , खार से खुश हूं।।
ऐ मांझी, तेरा ये गुरूर मुबारक हो तुझे।
साहिलों से कहो,मैं मंझधार से खुश हूं।।
मैं तेरे इस तंज़ से, आजिज आ गया हूं।
अब , आंगन में खड़ी दीवार से खुश हूं।।
ये बज़्म मेरे लिए मक़तल से कम नहीं।
तू यकीं कर,मैं वीराने दयार से खुश हूं।।
दिये जलाने-बुझाने का खेल , बंद कर।
मैं, बस जुगनुओं की क़तार से खुश हूं।।
सुकून-ए-कल्ब को,मुलाक़ात चाही थी।
वरना, मैं तो चिट्ठी और तार से खुश हूं।।
ग़म भुलाने को मयखाने गया हूं हमेशा।
सच कहूं तो, इस दर-ए-यार से खुश हूं।।
उनकी आमद ही सबब है उजालों का।
मेरा क्या , मैं गर्द-ओ-गुबार से खुश हूं।।
-यूनुस खान