विज्ञापन

धनतेरस की साँझ (धनतेरस गीत)

User

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            धनतेरस की साँझ (धनतेरस गीत)
        
                                                    
                            

धनतेरस की साँझ सजी है,
दीपों की कतार।
माँ के आँचल से उतरी है,
पूजा की मनुहार॥

नया पात्र घर में आया है,
रोली का शृंगार।
माँ ने उसको ऐसे छुआ,
ज्यों आया त्योहार॥

चावल से शुभ चिह्न बने हैं,
देहरी पर शृंगार।
लक्ष्मी माँ की राह निहारे,
घर का हर इक द्वार॥

खील-बताशों की ख़ुशबू में,
बचपन आया पास।
फिर प्रसाद पाने की जागी,
वही पुरानी आस॥

बाबूजी के हाथों वाला,
याद आया वह दीप।
जिसकी लौ में लगता था घर,
ईश्वर के समीप॥

धन्वंतरि के आगे रख दी,
अपनों की हर पीर।
माँ की थकन, पिता की खाँसी,
नयनों में है नीर॥

लक्ष्मी माँ से माँग रहे हैं,
बस इतना उपहार।
आँगन में गूँजे अपनों की,
मीठी-सी मनुहार॥

द्वार जला छोटा-सा दीपक,
जुड़ते अपने हाथ।
यमदेव से मौन विनय है,
लम्बा हो यह साथ॥

आरती की लौ के पीछे,
झिलमिल है विश्वास।
दूर बसे बच्चों के स्वर भी,
लगते कितने पास॥

थाली रख माँ साथ बिठाती,
बाँट रहीं प्रसाद।
उनके हाथों से मिलता है,
घर भर को आशीर्वाद॥
— संतोष कुमार शर्मा ‘विश्वम्’
51 मिनट पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all

Ankit Kumar

11210 कविताएं

View Profile