बाबुल मेरे मुझको फिर से ,
मेरे बचपन में ले चल ।
परियों की फिर कथा सुना दे,
फिर बगिया में ले चल ।।
बगिया जहां पे रंग बिरंगे ,
फूल हुआ करते थे ।
और मीठे रस से मधुमक्खी के
छत्ते भरे हुआ करते थे ।।
जहां झूलों पर सारे बच्चे ,
झूम के झूला करते थे ।
कुत्ते ,बिल्ली और गाय संग,
दिन भर खेला करते थे ।।
मुझको फिर से बगिया के उस,
झूले पे झुलाने ले चल ।
बाबुल मेरे मुझको फिर से ,
मेरे बचपन में ले चल।।
-सुषमा बडोला