बैग हमारे तुमने कुतरे,
चप्पल जूते भी कुतर दिये।
क्या दुश्मनी मुझसे तेरी,
पॉकेट क्यों मेरा कुतर दिए?
कैसे जाऊं मैं स्कूल,
कॉपी-किताब गिर जाएंगे।
पॉकेट जूते फटे देखकर,
सर तो मुझसे चिढ़ जाएंगे ।।
क्यों रात को गड़बड़ करते ?
खड़बड़-खड़बड़ इधर-उधर।
पूरा घर रद्दी भर देते,
छुप जाते ना पता किधर ।।
खुरखुर करते पूरी रात,
सोना कर देते दुश्वार ।
जी तो करता हड्डी तोड़ूं ,
पटक के मारूं इतनी मार।।
डब्बे कुतरे, कागज कुतरे
कुतर दिए तुमने अनाज ।
टूटी तस्वीर देख पापा तो,
गुस्से होंगे कितने आज ।।
मान जाओ ऐ चूहे राजा !
अब ना करो शरारत ।
मम्मी आग बबूला हाेंगी,
देख तुम्हारी यह आदत।।