विज्ञापन

पिता का वजूद

Rekha Mittal

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            पिता का वजूद
        
                                                    
                            

मुंडेर पर बैठी गौरैया
पुकारती रही पिता को
आज तो दाना भी नहीं चुगा
पानी का कसोरा भी भरा हैं
गिलहरी की पनियाली आँखें
सुना रही एक अलग दास्तां
माँ की सूनी कलाइयाँ
और वीरान आँखों में खालीपन
घर की दीवारों की बेचैनी
आँगन भी आज खामोश है
नहीं सुनाई दे रही
पिता की चहलकदमी
अखबार भी आँगन में पड़ा है
सुतली से बँधा हुआ
बरामदे में पड़ी रॉकिंग कुर्सी
आज बेज़ान सी हो गई

पिता के जाने के बाद
चरमरा गया घर का कायदा
कर्पूर की माफि़क उड़ा मेरे
बेवक्त घर लौटने का डर
बावजूद इन सबके
पिता की खुरदरी हथेलियों का स्पर्श
महसूस होता हैं कांधे पर
उनकी रौबदार आवाज़ की गूँज
दौड़ती है मेरे अवचेतन में
उनके उसूलों का रक्त
व्याप्त है मेरी धमनियों में
जो बचाए रखता है आज भी
पिता का घर में न होकर
मेरे अंदर पिता का वजूद होना
- रेखा मित्तल
3 महीने पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all