विज्ञापन

कि इंसान को अपने ही घर से दूर रहना पड़ता।

mansingh kashyap

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            त्योहार पूरा हो गया है...
        
                                                    
                            

त्योहार पूरा हो गया है,
और फिर लौट जाएँगे परिंदे वापस उन्हीं शहरों की तरफ़,
जहाँ से कुछ दिनों की मोहलत लेकर चले आए थे
अपने घर के आँगन की ओर।

फिर मन में एक टीस रह जाएगी कि काश!
थोड़ा-सा वक़्त और मिल जाता,
तो इस घर को थोड़ा और महसूस कर पाते,
आँगन की मिट्टी को थोड़ा और छू पाते,
माँ-बाप के चेहरे को कुछ देर और निहार पाते।

क्योंकि अब घरों में हमारा आना
बच्चों की तरह नहीं,
बल्कि मेहमानों की तरह होता है।

घरों में जो लड़ियाँ लगाई थीं रोशनी की,
वे तब तक निहारती रहीं हमें
जब तक हम आँखों से ओझल नहीं हो गए।

यार-दोस्तों के साथ जो मस्ती की थी,
उनकी यादें अब शहर के उस छोटे-से कमरे में
महीनों तक हमारा साथ निभाएँगी।

सच कहूँ तो,
जितनी खुशी गाँव आने की थी त्योहार में,
उससे कई गुना ज़्यादा पीड़ा
अब वापस लौटते वक़्त मन में हो रही है।

हाँ, कुछ उम्मीदें, कुछ सपने और कुछ अधूरे अरमान लेकर चले हैं,
फिर कोई त्योहार आएगा,
फिर घर लौटेंगे,
फिर कुछ दिनों के लिए मुसाफ़िर बनकर अपने ही घर में रहेंगे।

लेकिन अफ़सोस और विडंबना देखिए,
ज़िंदगी की कैसी मजबूरी है,
कि अब अपने ही घर आने के लिए
दूसरों से इजाज़त लेनी पड़ती है।

कभी यही घर हमारी पूरी दुनिया हुआ करता था,
आज उसी घर में रहने के लिए
छुट्टियों का हिसाब रखना पड़ता है।

काश! रोज़गार की मजबूरी इतनी बड़ी न होती,
कि इंसान को अपने ही घर से दूर रहना पड़ता।
— मान सिंह कश्यप
 
3 minutes ago
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all

Soni Gupta

71 कविताएं

View Profile

Ankit Kumar

11224 कविताएं

View Profile