कभी समय इंसान के कदमों से चलता था,
आज इंसान समय की उंगली पकड़कर
अपनी ही पहचान तलाश रहा है ।
उसने घर तो बहुत ऊंचे बना लिए ,
मगर रिश्तों के लिए
एक छोटी -सी जगह भी नहीं बचाई।
उसकी जेब में दुनिया समा गई ,
पर किसी की पीड़ा रखने के लिए
दिल में जगह कम पड़ गई।
वह दूसरों की गलतियां गिनता रहा ,
अपनी आत्मा पर जमी धूल
उसे कभी दिखाई नहीं दी।
उसने नदी से पानी लिया ,
पेड़ों से सांसें लीं,
धरती से अन्न लिया ,
और बदले में धरती को
अपने स्वार्थ के निशान दे आया।
वह चांद तक पहुंचने की बातें करता रहा ,
मगर पड़ोसी के अंधेरे घर में
एक दीपक नहीं जला पाया ।
उसने शब्दों से बड़े -बड़े भाषण लिखे,
लेकिन उसके व्यवहार की किताब में
इंसानियत का एक पन्ना भी अधूरा रहा।
समय ने उससे पूछा -
"तुमने इतनी तरक्की करके क्या पाया ?"
वह अपनी उपलब्धियों की सूची खोल बैठा,
पर जब समय ने पूछा -
"कितने टूटे हुए मन जोड़ पाए?
तो उसके पास कोई उत्तर नहीं था ।
तभी कहीं एक बच्चा
अपनी आधी रोटी किसी भूखे को दे रहा था ,
एक बूढ़ा पेड़
बिना कुछ मांगे छाया बांट रहा था ,
और एक अनजान हाथ
गिरते हुए इंसान को थाम रहा था ।
समय मुस्कुराया और बोला -
"देखो ! अभी सब कुछ समाप्त नहीं हुआ ,
इंसानियत आज भी जीवित है,
बस तुम्हारे भीतर कहीं सो गई है।"
अब भी लौट आओ मनुष्य ,
इससे पहले कि इतिहास तुम्हें याद रखे ,
लेकिन तुम्हारी इंसानियत को भूल जाए।
क्योंकि संसार जीत लेना बड़ी बात नहीं ,
किसी के जीवन में
मनुष्य बनकर रह जाना ही
सबसे बड़ी उपलब्धि है।
-काजोल उइके