जब दिन भर की हल चल से, लोगों की बेरुखी बातों से वापस अपने कमरे को लौटती हूँ तो बस एक नाम याद आता है "पापा"
जब सौ बुरी चीजों को नजरअंदाज कर के एक खुश होने की वजह ढूँढती हूँ तब बस एक नाम याद आता है "पापा"
जब महीने के कुछ आखिरी दिन बचे हों और जेब लगभग खाली ही हो पर मन कुछ चटपटा खाने को ललचा जाए
तब बस एक ही नाम याद आता है "पापा"
पापा पैसे भेज दो ना, पापा ये कपड़े दिला दो ना,
पापा मुझे वहां जाना है मम्मी को मना लो ना ,सारी बातें थम जाती है जब सिर्फ एक बात ध्यान में आती है "पापा आप ठीक हो ना"
जब दर्द होता है तब माँ याद आती है, पर जब जिंदगी कुछ सिखाना चाहती हो और कुछ समझ ना आये तब बस एक ही नाम याद आता है "पापा"
जब सब कुछ गलत हो रहा हो पर मुस्कुराने की एक वजह चाहिए हो तब बस एक ही नाम याद आता है "पापा"
हर हालात से लड़ना माँ तो सिखा ही देती है, पर चाहे जितनी भी बड़ी हो जाऊं हर बुरे हालात से मुझे बचाने वाले बस एक ही हैं "पापा"
जब बचपन के खत्म होने का एहसास हो और जल्दी बड़े हो जाने की चिंता सताये तब भी मुझे गुड़िया बुलाता हुआ एक ही नाम याद आता है "पापा"
जो मेरे शौक पूरे करते हुए अपनी जरूरतें ही भूल जाएं वो हैं "पापा"
जो खुद मुश्किलों से गुजरते हुए भी मेरे माथे में परेशानी की एक शिकन ना आने दें वो हैं "पापा"
लोग कहते हैं पापा अपना प्यार नहीं दिखाते, पर अपनी सारी जिंदगी की मेहनत बेझिझक हमारे नाम कर देते हैं वो हैं "पापा"
जब दूर जाऊं तो माँ को संभाले पर बाहर रह कर एक बार फोन ना उठाऊं तो बेचैन हो जाने वाले, वो हैं पापा
सामने भले ही बोलें ना पर हमेशा मेरे घर आने का बेसब्री से इंतजार करने वाले , वो ही तो हैं मेरे पापा
मेरी एक शिकायत से भाई की क्लास लगा देने वाले वो है मेरे पापा...
जिनकी एक आवाज़ से लोग डर जाते पर मेरी हर एक बात चुप चाप सुन जाने वाले वो हैं मेरे पापा..
पूरी दुनिया भी एक तरफ हो जाएगी तो मैं सिर्फ एक तरफ रहूंगी जिस तरफ होंगे मेरे पापा...