विज्ञापन

सोई हुई है....

Anita Chaturvedi

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            सोई हुई है...
        
                                                    
                            

सोई हुई है भोर अभी,
जागा नहीं उजियारा है।
ओस-भीगी पंखुड़ियों पर,
सपनों का पहरा सारा है।

सोई हुई है पगडंडी,
थककर चुप वन की छाँव तले।
पत्तों की धीमी सरगम भी,
ठहरी है अपने भाव तले।

सोई हुई है एक नदी,
लहरों में गहरा मौन लिए।
चाँद किनारे बैठा जैसे,
अपना ही आलोक पिए।

सोई हुई है चाह कोई,
मन के भीतरी कोने में।
जिसे जगाने को धड़कन,
दीपक-सी जलती क्षण-क्षण में।

सोई हुई है प्रेम-कली,
स्पर्श किसी विश्वास का चाहे।
जागेगी जब मंद समीर,
जीवन फिर मधुमास कहाए।

सोई हुई है आशा भी,
पर नींद सदा रहती कब है?
हर तम की गोदी से उगता,
नव सूरज ही जीवन-रब है।

सोई हुई है आज अगर,
कल फिर आँखें खोल उठेगी।
धरती की हर मौन प्रार्थना,
नव प्रभात बन बोल उठेगी।
- अनिता चतुर्वेदी
2 महीने पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all