विज्ञापन

प्रकृति और मानव के रिश्ते का

Anita Chaturvedi

Mere Alfaz
                                    
                                                                        
                            छठी मइया के अँगना
        
                                                    
                            
लोकगीतात्मक भावभूमि में

साँझ उतर आई गंगा तट पर,
जल में दीप जगमगाते हैं,
माथे पर विश्वास सजाए,
लोग घाट तक आते हैं।

बाँस की डलिया, फल और ठेकुआ,
मन में श्रद्धा अपार है,
छठी मइया के चरणों में,
हर घर का संसार है।

न कोई ऊँचा, न कोई नीचा,
सबका एक विधान है,
एक ही जल में अर्घ्य चढ़ाते,
एक धरा, एक आसमान है।

डूब रहे सूरज से भी तो,
जीवन का संदेश मिला,
अंत नहीं हर ढलती साँझ का,
कल फिर नया सवेरा खिला।

माँ के हाथों सूप सजा है,
बाबुल की आँखें नम हैं,
बेटी अपने घर से आई,
आँगन में उत्सव के स्वर हैं।

नंगे पाँव चली हैं माताएँ,
मन में कितने स्वप्न लिए,
अपने लिए नहीं कुछ माँगें,
बच्चों के सुख-सौभाग्य लिए।

उगते सूरज की पहली किरणें,
जब जल में मुस्काएँगी,
थकी हुई इन आँखों में फिर,
नई उम्मीदें आएँगी।

छठ केवल त्योहार नहीं है,
यह धरती का मान है,
प्रकृति और मानव के रिश्ते का,
अनुपम मधुर गान है।

आओ मिलकर शीश झुकाएँ,
मन से अहंकार मिटाएँ,
छठी मइया की कृपा से हम,
सबके जीवन में उजियारा लाएँ।
— अनिता चतुर्वेदी ‘मनस्वरा’
27 मिनट पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all

Dn Chaubey

7673 कविताएं

View Profile