हिंदी और उर्दू साहित्य में बड़े कवियों और शायरों ने इश्क, दुनिया, दोस्ती, असबाब, गम, बेवफाई, रुसवाई सहित कई पहलुओं पर बेहतरीन कविताएं और शायरी लिखी हैं। काव्य चर्चा सेक्शन के तहत हम इन्हीं कवियों और शायरों की रचनाओं का गुलदस्ता तैयार कर रहे हैं। इसके तहत हम 20 बड़े शायरों के 20 बड़े शेर पेश कर रहे हैं। इसी क्रम में यह सातवीं सीरीज आपको रोमांचित करेगी।
ज़ीस्त से तंग हो ऐ 'दाग़' तो जीते क्यूँ हो
जान प्यारी भी नहीं जान से जाते भी नहीं
-दाग देहलवी
जीस्त-जीवन
विज्ञापन
आसमाँ इतनी बुलंदी पे जो इतराता है
भूल जाता है ज़मीं से ही नज़र आता है
-वसीम बरेलवी
किस से पूछूँ कि कहाँ गुम हूँ कई बरसों से
हर जगह ढूँढता फिरता है मुझे घर मेरा
-निदा फाजली
दिल की दुनिया है मुसीबत से भरी रहती है
फिर भी हर शाख़ तमन्ना की हरी रहती है
-ख्वाजा जावेद अख्तर
तेरा मिलना ख़ुशी की बात सही
तुझ से मिल कर उदास रहता हूँ
-साहिर लुधियानवी
दिल को अकेला छोड़ भी दे
दुनिया दिल की दुश्मन है
दुनिया का मुँह मोड़ भी दे
कुछ तो अनोखा कर के देख
एक रस्ता है दौलत का
दूसरा ऐश-ओ-इशरत का
तीसरा झूटी इज़्ज़त का
चौथा सच्ची उल्फ़त का
इस रस्ते से गुज़र के देख
-साहिर लुधियानवी
ख़्वाबों के महल टूट के गिर जाते हैं अक्सर
फिर उन से ही दिन अपने सँवर जाते हैं अक्सर
दुनिया में हर इक शय है फ़क़त तेरी कमी है
नक़्शे तेरी यादों के उभर जाते हैं अक्सर
वो नाज़ उठाने के तो क़ाएल ही नहीं हैं
फिर हम भी ख़फ़ा हो के बिफर जाते हैं अक्सर
-नाहिद कौसर
अब ये भी नहीं ठीक कि हर दर्द मिटा दें
कुछ दर्द कलेजे से लगाने के लिए हैं
सोचो तो बड़ी चीज़ है तहज़ीब बदन की
वर्ना ये फ़क़त आग बुझाने के लिए हैं
आँखों में जो भर लोगे तो काँटों से चुभेंगे
ये ख़्वाब तो पलकों पे सजाने के लिए हैं
देखूँ तिरे हाथों को तो लगता है तिरे हाथ
मंदिर में फ़क़त दीप जलाने के लिए हैं
ये इल्म का सौदा ये रिसाले ये किताबें
इक शख़्स की यादों को भुलाने के लिए हैं
-जां निसार अख्तर
हुस्न के समझने को उम्र चाहिए जानाँ
दो घड़ी की चाहत में लड़कियाँ नहीं खुलतीं
-परवीन शाकिर
देखने वालो तबस्सुम को करम मत समझो
उन्हें तो देखने वालों पे हँसी आती है
-सुदर्शन फ़ाकिर
अपने चेहरे से जो ज़ाहिर है छुपाएँ कैसे
तेरी मर्ज़ी के मुताबिक़ नज़र आएँ कैसे
-वसीम बरेलवी
कब ठहरेगा दर्द ऐ दिल कब रात बसर होगी
सुनते थे वो आएँगे सुनते थे सहर होगी
-फैज अहमद फैज
याद के चाँद दिल में उतरते रहे
चाँदनी जगमगाती रही रात भर
कोई दीवाना गलियों में फिरता रहा
कोई आवाज़ आती रही रात भर
-मखदूम मुहिउद्दीन
कोई उम्मीद बर नहीं आती
कोई सूरत नज़र नहीं आती
मौत का एक दिन मुअय्यन है
नींद क्यूँ रात भर नहीं आती
-गालिब
चुपके चुपके रात दिन आँसू बहाना याद है
हम को अब तक आशिक़ी का वो ज़माना याद है
ग़ैर की नज़रों से बच कर सब की मर्ज़ी के ख़िलाफ़
वो तेरा चोरी-छुपे रातों को आना याद है
दोपहर की धूप में मेरे बुलाने के लिए
वो तेरा कोठे पे नंगे पाँव आना याद है
चोरी चोरी हम से तुम आ कर मिले थे जिस जगह
मुद्दतें गुज़रीं पर अब तक वो ठिकाना याद है
-हसरत मोहानी
तुम्हारे ख़त में नया इक सलाम किस का था
न था रक़ीब तो आख़िर वो नाम किस का था
वो क़त्ल कर के मुझे हर किसी से पूछते हैं
ये काम किस ने किया है ये काम किस का था
-दाग देहलवी
रंजिश ही सही दिल ही दुखाने के लिए आ
आ फिर से मुझे छोड़ के जाने के लिए आ
कुछ तो मिरे पिंदार-ए-मोहब्बत का भरम रख
तू भी तो कभी मुझ को मनाने के लिए आ
-अहमद फराज