"मत पूछना हर बार मिलने पर कि "कैसे हैं"
सुनो, क्या सुन नहीं पड़ता तुम्हें संवाद मेरे क्षेम का,
लो, मैं समझता था कि तुम भी कष्ट में होंगी
तुम्हें भी ज्ञात होगा दर्द अपने इस अधूरे प्रेम का।"
"जब तुम बच्ची थीं
तो
मैं तुम्हें रोते हुए नहीं देख सकता था
अब तुम रोती हो
तो
देखता हूँ मैं !"
"एक शोर में अगली सीट पे था
दुनिया का सबसे मीठा गाना
एक हाथ में मींजा दिल था मेरा
एक हाथ में था दिन का खाना।"
9 दिसंबर 1929 को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में जन्मे रघुवीर सहाय प्रगतिशील काव्यधारा 'नई कविता' के प्रतिनिधि कवि हैं। उनकी कविताओं का मूल स्वर यथार्थ का है, जो मूल रूप से आज़ादी के बाद के भारत का यथार्थ है। अज्ञेय के संपादन में प्रकाशित 'दूसरा सप्तक' के कवि के रूप में रघुवीर सहाय की सहित्यिक परिवेश में बहुत चर्चा हुई। 30 दिसंबर 1990 को दिल्ली में उन्होंने अंतिम सांस ली।
उनके साहित्य में पत्रकारिता का और उनकी पत्रकारिता पर साहित्य का गहरा असर रहा है। सहाय जी की चेतना पत्रकार की तथा संवेदना एक कवि की है। यही कारण है कि ख़बरों का और रोज़मर्रा की हलचल का बेहद नायाब प्रयोग उनकी कविता में दिखाई पड़ता है।
पत्रकारिता एवं साहित्य कर्म में रघुवीर सहाय कोई फ़र्क़ नहीं मानते थे। पत्रकारिता के क्षेत्र में भी उन्होंने एक नई और क्रिएटिव भाषा गढ़ी। भाषा को लेकर एक ख़ास चेतना और अनूठा शिल्प रघुवीर सहाय की कविताओं की अपनी अलग पहचान बनाते हैं।
रघुवीर सहाय की आधुनिक सभ्य समाज के लिए न्याय, समता, स्वतंत्रता, और बंधुत्व जैसे लोकतांत्रिक मूल्यों पर उनकी गहरी आस्था थी। उन्होंने जहां भी इसका अभाव देखा, उसके ख़िलाफ़ आवाज उठाई।
निर्धन जनता का शोषण है
कहकर आप हंसे
लोकतंत्र का अंतिम क्षण है
कहकर आप हंसे
सबके सब हैं भ्रष्टाचारी
कहकर आप हंसे
चारों ओर बड़ी लाचारी
कहकर आप हंसे
कितने आप सुरक्षित होंगे मैं सोचने लगा
सहसा मुझे अकेला पाकर फिर से आप हंसे
रघुवीर सहाय का जन्म 9 दिसंबर 1929 को लखनऊ में हुआ। लखनऊ विश्वविद्यालय से 1951 में उन्होंने अंग्रेज़ी साहित्य से एमए किया। लखनऊ से प्रकाशित अख़बार दैनिक नवजीवन से 1949 में पत्रकारिता की शुरुआत की। 1951 में दिल्ली आ गए और एक साल तक प्रतीक में बतौर सहायक संपादक काम किया। इसके बाद 1957 तक वे आकाशवाणी के समाचार विभाग में उपसंपादक रहे। उन्होंने अपनी पहली कविता 1946 में लिखी थी।
कविता संग्रह 'लोग भूल गए हैं ' के लिए 1984 में रघुवीर सहाय को साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
राजकमल प्रकाशन से प्रकाशित पुस्तक रघुवीर सहाय की प्रतिनिधि कविताएं में संपादक सुरेश शर्मा लिखते हैं, "उनका काव्य उनके पत्रकार व्यक्तित्व से पैदा होता है। सहाय जी का सौंदर्यशास्त्र ख़बर का सौंदर्यशास्त्र है। इसलिए उनकी भाषा ख़बर की भाषा है और ज़्यादातर कविताओं की विषयवस्तु ख़बरधर्मी।
वे अपनी कविताओं के विषय समाज में मुनष्य की बदलती जीव-स्थितियों में तलाशते हैं। भारतीय लोकतंत्र पद्धति में मतदाताओं की अरक्षित-असहाय ज़िंदगी की ख़बरें उन्होंने अपनी कविताओं में लिखी हैं।
फिर जाड़ा आया फिर गर्मी आई
फिर आदमियों के पाले से लू से मरने की ख़बर आई
न जाड़ा ज़्यादा था न लू ज़्यादा
तब कैसे मरे आदमी
वे खड़े रहते हैं तब नहीं दिखते
मर जाते हैं तब लोग जाड़े और लू की मौत बताते हैं
ये वे ख़बरें हैं जो अख़बारी ख़बरों की विधागत सीमा के कारण वहां नहीं समा सकती थीं। ख़बरों का ये रूप कविता में ही अभिव्यक्त हो सकता था। सहाय जी की कविता में वक्तव्य है, विवरण है, संक्षेप है। उसमें प्रतीकों और बिंबों का घटाटोप उलझाव नहीं है। वे निहायत ही पारदर्शी भाषा का इस्तेमाल करते थे।
सहाय जी की एक कविता है, 'वह कौन था' -
"वह जनसभा न थी राष्ट्रीय दिवस था
एक बड़े राष्ट्र का
कितने आरामदेह होते हैं अन्य बड़े राष्ट्रों के
राष्ट्रदिवस दिल्ली में
एक मंत्री भीड़ के बीच खोया सा सहसा मिल गया मुझे
देखते ही बोला-- अच्छे हो!
मैंने कहा-- हुज़ूर ने पहचाना!
तब कहने लगा जैसे यही पहचान हो
तुम अभी संकट से मुक्त नहीं हुए हो
फिर जैसे शक हो गया हो कि भूल की--
क्षण भर घूरा मुझे
बोला-- कल मेरे पास आना तब बाक़ी बताऊँगा
जाने कौन व्यक्ति था जिसको इसने मुझे समझा।"
लिखने का कारण पुस्तक में वे लिखते हैं, "पत्रकार और साहित्यकार में कोई अंतर है क्या? मैं मानता हूं कि नहीं है। इसलिए नहीं कि साहित्यकार रोज़ी के अख़बार में नौकरी करते हैं, बल्कि इसलिए कि पत्रकार और साहित्यकार दोनों नए मानव संबंध की तलाश करते हैं। दोनों ही दिखाना चाहते हैं कि दो मनुष्यों के बीच नया संबंध क्या बना। पत्रकार तथ्यों को जुटाता है और उन्हें क्रमबद्ध करते हुए उन्हें उस परस्पर संबंध से नहीं अलग नहीं करता जिससे वे जुड़े हुए और क्रमबद्ध हैं।
उसके उपर तो यह लाज़िमी होता है कि वो आपको तर्क से विश्वस्त करे कि यह हुआ तो यह इसका कारण है, ये तथ्य हैं और ये समय, देश, काल परिस्थिति आदि हैं जिनके कारण ये तथ्यों पूरे होते हैं। साहित्यकार इससे अलग कुछ करता है। साहित्यकार के लिए तथ्यों की जानकारी उतनी ही अनिवार्य है जितनी पत्रकार के लिए।
लेकिन तथ्यों के परस्पर संबंध को जानबूझकर तोड़कर साहित्यकार उसे नए सिरे से क्रमबद्ध करता है, और इस तरह से नए संपूर्ण सत्य को रचता है, जो एक नया यथार्थ है। एक संभव यथार्थ। पत्रकार के लिए यथार्थ वही है जो संभव हो चुका है। साहित्यकार के लिए वह है जो संभव हो सकता है।"
5 वर्ष पहले