विज्ञापन

Hindi Kavita: उदय प्रकाश की मार्मिक कविता 'पिता झाड़-झंखाड़, घाटियों और पत्थरों से भरे चटियल मैदान थे'

काव्य डेस्क

Kavita
विज्ञापन
                                    
                                                                        
                            
पिता झाड़-झंखाड़, घाटियों और पत्थरों से भरे

चटियल मैदान थे।
पिता सागौन, शीशम, बबूल, तेंदुओं और हिरनों से भरे
बीहड़ थे।

बचपन में अक्सर
किसी ऊँचे टीले पर चढ़ कर
मैं आस-पास के गाँवों में
ललकार दिया करता था
नाके के पार
शहर तक में
पिता का रोब था।

एक-एक इमारत पर
उनकी कन्नियाँ सरकी थीं।
एक-एक दीवार पर
उनकी उँगलियों के निशान थे।
हर दरवाज़े की काठ पर
उनका रंदा चला था।

नाके के इस पार
जहाँ से गाँव की वीरानगी शुरू होती है
हर खेत की कठोर छाती पर
पिता अपनी कुदाल
धँसा गए थे।

हल की हर मूठ पर
उनकी घट्ठेदार हथेलियों की छाप थी।
हर गरियार बैल के पुट्ठों पर
उनके डंडे के दाग थे...
बचपन में
पिता के कंधे पर बैठ कर
मैं बाज़ार घूमने जाता था।

पिता पहाड़ की तरह
चलते भीड़ की तरह
उनके कंधे पर मैं
जंगली तोते की तरह बैठा रहता।
बाद में पिता
ग़ायब हो गए
कहते हैं खेल, कुदाल,
बैल, इमारतें, ईंटे, दरवाज़े, बाज़ार
उन्हें पचा गए।

मुझे लगता है
उस चटियल मैदान
के भीतर (जो पिता थे)
ज़मीन की दूसरी-तीसरी परतों में।
सरकता हुआ कोई
नम सोता भी था
जो मेहनत करते
पिता की देह के अलावा
कभी-कभी मेरी आँखों से भी
रिसने लगता था।

2 वर्ष पहले
विज्ञापन

विशेष

आज के शीर्ष कवि Show all

Dn Chaubey

7679 कविताएं

View Profile

Updesh Kumar

13656 कविताएं

View Profile

Ankit Kumar

11318 कविताएं

View Profile

Prasoon Saxena

975 कविताएं

View Profile